थाना नकुड़ पुलिस की बदमाश से मुठभेड़, घायलावस्था में गिरफ्तार
सहारनपुर । थाना नकुड़ क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़! मिशन शक्ति एंटीरोमियो टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक शातिर बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना नकुड़ मिशन शक्ति केंद्र की महिला उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ नकुड़ रोड गंगोह बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। तभी दो संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दूसरा बदमाश ईख के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग अभियान जारी है । घायल बदमाश की पहचान आहद पुत्र जिंदा हसन निवासी अम्बेहटा पीर, थाना नकुड़ के रूप में हुई है। यह बदमाश एक कुख्यात अपराधी है, जिस पर लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत करीब दस गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़