दुद्धी (सोनभद्र)। मंगलवार शाम करीब छह बजे मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर रासपहरी गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया है, वहीं ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक (संख्या CG 15 EB 4461) ने मोड़ के पास मोटरसाइकिल (संख्या UP 64 AN 5668) को ज़ोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार दोनों युवक इंद्राज यादव (20) पुत्र स्व. शिवसागर यादव निवासी कमरीडाड़ व देवेंद्र यादव (18) पुत्र सतेश यादव निवासी कमरीडाड़ ,आश्रम मोड़ की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पाकर म्योरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी म्योरपुर ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह