वाहन चोर गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, आठ बाइक बरामद
आंवला,बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर आठ बाइक बरामद की गई हैं। ये बाइकें अलग-अलग जिलों से चोरी कर लाई गई हैं।
बरेली जिले में आंवला थाना पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले छह शातिरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से चोरी की आठ बाइक बरामद हुई हैं। इसमें से एक बाइक अभी तीन दिन पहले आंवला के मोहल्ला गंज पुरैना ढाल से चोरी की गई थी। आरोपियों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए बाइकों को मनौना गांव में बंद पड़े ईंट भट्ठे में छिपाया था।
बुधवार दोपहर को थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से बाइक चोरों के गिरोह के मूवमेंट की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आंवला-बिसौली रोड पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान आंवला की ओर से तीन बाइकों पर सवार छह लोग आते दिखाई दिए। तीनों बाइकों को रोककर पूछताछ के बाद ई-चालान ऐप पर जांच की गई तो बाइकें चोरी की निकली। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने तीनों बाइकों को मुरादाबाद, बरेली व शाहजहांपुर से चोरी करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर मनौना गांव के पास बंद पड़े ईंट भट्ठे से चोरी की पांच और बाइक भी बरामद हुईं। आरोपियों ने बताया कि इन बाइकों के बिक्री के बाद छिपाई गई बाइकों को भी ग्राहक खोजकर बेच देते। जो पैसा मिलता है। आपस में बांट लेते थे। पकड़े गए आरोपियों में आकाश, महेंद्र निवासी लक्ष्मणपुर, थाना आंवला, मुकेश व कमरूददीन हरदासपुर थाना सिरौली, असलम व सलमान निवासी गांव रूद्रपुर थाना खीरी शामिल हैं। आरोपियों पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली