दुद्धी सोनभद्र। बाल महोत्सव के अवसर पर गुरुवार को ग्राम स्वराज समिति परिसर में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में क्षेत्र के आदिवासी बच्चों को खाद्यान्न, वस्त्र व पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार रहे।
मुख्य अतिथि ने बाल विकास से जुड़ी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अशिक्षा और कुपोषण से बच्चों को दूर रखने का यह एक पुनीत प्रयास है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें पढ़ाई-लिखाई के प्रति प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के प्रति जागरूक होना चाहिए और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों से आए करीब 300 बच्चों को खाद्यान्न, वस्त्र और शिक्षा सामग्री प्रदान की गई तथा बच्चों को पौष्टिक दूध भी पिलाया गया।
इस अवसर पर ग्राम स्वराज समिति के संस्थापक महेशानंद भाई, रामेश्वर राय, दिलीप पांडेय, अभिषेक श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी,विवेक सिंह