ट्रैक्टर पलटने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, खेत पर गन्ना बुवाई के लिए जा रहे थे
फतेहगंज पश्चिमी,बरेली। खेत पर गन्ना की बुवाई करने जा रहे किसान का ट्रैक्टर खाई में पलट गया। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नंद प्रकाश (55) पुत्र खेमराज और उनका बेटा सुमित पाल (22) मूल निवासी सतुईया पट्टी, हाल निवासी भिटौरा पुलिया, कस्बा फतेहगंज पश्चिमी, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अपने गांव पट्टी स्थित खेत पर गन्ना की बुवाई के लिए जा रहे थे। खेत पर लेबर गन्ना छील रही थी। दोनों ट्रैक्टर में हरी रेजा जोड़कर खेत की ओर जा रहे थे। रास्ता काफी संकरा होने के कारण अचानक ट्रैक्टर का टायर फिसल गया और वह खाई में पलट गया। दोनों पिता-पुत्र ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
दुर्घटना सुनसान स्थान पर होने के कारण कई घंटे तक किसी को जानकारी नहीं मिल सकी। दोपहर में खेत से गन्ना छील रहे धर्मपाल जब खाना खाने को घर जा रहे थे, तो उन्होंने रास्ते में ट्रैक्टर पलटा देखा। पास जाकर देखा तो दोनों पिता-पुत्र उसके नीचे दबे थे। उन्होंने तत्काल गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को सीधा कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली