पिपरा काजी में 3 नवंबर को होगा रावण मेला — हिन्दू-मुस्लिम एकता की भी मिसाल बनता है यह आयोजन
महराजगंज (निचलौल): 26 अक्टूबर 2025
जनपद महराजगंज के विकास खंड निचलौल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरा काजी में इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार 3 नवंबर को रावण मेला का आयोजन होने जा रहा है। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा अब आपसी भाईचारे और साम्प्रदायिक सौहार्द की पहचान भी बन चुकी है।
ग्राम पंचायत के लोग बताते हैं कि यह मेला धार्मिक आयोजन तो नहीं, लेकिन हिन्दू-मुस्लिम एकता का भी एक प्रतीक है। गांव के सभी वर्ग और धर्म के लोग मिलकर इस मेले की तैयारियों में जुटे हुए हैं। रावण के पुतले के निर्माण से लेकर रामलीला के मंचन तक में हर समुदाय के लोगों की सक्रिय भागीदारी होती है।
गांव में शुरू हुई जोर-शोर से तैयारियां
ग्राम पंचायत पिपरा काजी में इस समय मेला स्थल पर साफ-सफाई और सजावट का कार्य चल रहा है। गांव के कुछ कारीगरों और युवाओं की टीम रावण के पुतले के निर्माण में जुटी है। वहीं महिलाएं और बच्चे भी मेले की तैयारियों में काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं।
रामलीला में निभाए जाएंगे आकर्षक किरदार
इस वर्ष की रामलीला में स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान और रावण के किरदार निभाए जाएंगे। खास बात यह है कि इन किरदारों में भी विभिन्न धर्मों के कलाकार एक साथ मंच साझा करते हैं, जिससे गांव में सौहार्द का संदेश और भी साफ नजर आता है।
ग्रामवासियों की एकजुटता से सजता है यह पर्व
ग्रामीणों का कहना है कि यह मेला उनकी एकता, परंपरा और आपसी सम्मान का प्रतीक है। यह आयोजन वर्षों से पूरी शांति और भाईचारे के माहौल में संपन्न होता आ रहा है। ग्रामवासी इसे केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का पर्व भी मानते हैं।
ग्राम पंचायत के जिम्मेदार और आयोजन समिति ने की अपील
ग्राम पंचायत के जिम्मेदार एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे मेले में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता का संदेश समाज में फैलाएं।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)