ग्राम पंचायत पिपरा काजी में विकास कार्यों की पोल खोलता जमीनी हाल — हैंडपंप खराब, सफाई ठप, स्ट्रीट लाइटें बुझीं
महराजगंज (निचलौल): 26 अक्टूबर 2025
विकास के दावे करने वाले जिम्मेदारों की पोल उस वक्त खुलती नजर आई जब विकास खंड निचलौल के ग्राम पंचायत पिपरा काजी में वास्तविक स्थिति कुछ और ही दिखी। ग्राम पंचायत के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगे तीन हैंडपंपों में से एक हैंडपंप का फर्श तो नया बना है, लेकिन वर्षों से उसमें पानी की एक बूंद भी नहीं निकल रही। ग्रामीणों के अनुसार यह हैंडपंप लंबे समय से खराब है और आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्राम पंचायत में हाल ही में कुछ हैंडपंपों का रीबोर कार्य कराया गया जरूर है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं है। पानी में दुर्गंध और गंदलापन होने के कारण लोग मजबूरी में दूर-दराज के हैंडपंपों या निजी बोरवेल से पानी लाने को विवश हैं।
सफाई व्यवस्था ध्वस्त, सड़कें और नालियां गंदगी से लबालब
ग्रामवासियों के अनुसार सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि आखिरी बार गांव में सफाई करीब छह माह पूर्व हुई थी, उसके बाद से अब तक कोई सफाईकर्मी नहीं आया। नालियों की हालत इतनी खराब है कि जगह-जगह जलभराव और दुर्गंध फैली हुई है।
स्ट्रीट लाइटें भी हुईं बेकार, कूड़ेदानों का कहीं पता नहीं
ग्राम पंचायत में लगाए गए स्ट्रीट लाइटों में से कई ने काम करना बंद कर दिया है, जबकि कुछ बुझने की कगार पर हैं। वहीं पंचायत में लगाए गए कूड़ेदान अब नजर नहीं आते। इससे लोगों को कूड़ा खुले में फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामवासियों का आरोप — “विकास केवल कागजों में हुआ”
ग्रामवासियों का कहना है कि ग्राम पंचायत में वर्षों से कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। न सड़कों की मरम्मत हुई, न सफाई की स्थिति सुधरी। लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि केवल कागजों में विकास दिखा रहे हैं, जबकि जमीनी सच्चाई कुछ और ही है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में हैंडपंपों की जांच कराकर खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराई जाए, साथ ही सफाई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)