दुद्धी सोनभद्र। सूर्य उपासना व लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन सोमवार को स्थानीय शिवाजी तालाब सहित क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर सैकड़ों की संख्या में व्रतधारी महिलाओं ने रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश के बीच संध्या बेला में डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर माहौल में लोगों की आस्था बारिश पर भी भारी पड़ी।
चार दिवसीय इस पर्व की शुरुआत शनिवार को नहाय-खाय से हुई थी। दूसरे दिन रविवार को खरना के अवसर पर व्रती महिलाओं और पुरुषों ने मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर बनाकर पूजा के पश्चात उसका प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ किया। सोमवार सुबह से ही नगर में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर रहीं। दोपहर बाद से रुक-रुक कर बारिश होने लगी, जिससे कई घाटों पर थोड़ी असुविधा हुई, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
लगभग साढ़े तीन बजे के बाद व्रती महिलाएं बैंड-बाजे और करतल ध्वनि के साथ अपने घरों से छठ घाटों की ओर रवाना हुईं। पूजन सामग्री में ठेकुआ, ईख, नारियल, अदरक, मौसमी फल तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद शामिल रहे। संध्याकाल में भगवान सूर्य और छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात व्रतधारियों ने दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। हल्की फुहारों के बीच जब श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया तो दृश्य अत्यंत मनमोहक प्रतीत हो रहा था।
छठ घाटों पर समाजसेवियों और स्थानीय संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं को सहयोग स्वरूप प्रसाद वितरण किया गया । प्राचीन शिवाजी तालाब, कैलाश कुंज द्वार (मल्देवा), लौवा नदी तथा अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुद्धी पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस रहा।
शिवाजी तालाब छठ घाट में छठ पूजा समिति की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी दुर्गा जागरण का आयोजन किया गया, जहाँ देर रात तक श्रद्धालु भक्ति गीतों में लीन रहे। वहीं कैलाश कुंज द्वार मल्देवा पर आदर्श युवा क्लब और शिवाजी तालाब पर जय बजरंग अखाड़ा समिति द्वारा गंगा आरती का विशेष आयोजन किया गया।गंगा आरती में जय बजरंग अखाड़ा समिति व रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि,सुरेंद्र गुप्ता,नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन,पंकज जायसवाल सहित तमाम श्रद्धालु उपस्थित रहे। मल्देवा गंगा आरती में मंदिर प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति, कुलभूषण पांडेय, डॉ. हर्षवर्धन,आदर्श युवा क्लब डॉ. जयवर्धन, ग्रामप्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल,रामेश्वर राय और जितेंद्र चंद्रवंशी,आलोक जायसवाल सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्राचीन शिवाजी तालाब छठ घाट पर छठ महापर्व के सुचारू आयोजन हेतु जय बजरंग अखाड़ा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संस्थानों का सराहनीय सहयोग रहा। समितियों प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था विशेष तैयारी की गई थी। उधर लउवा नदी छठ घाट पर छठ महापर्व के सुचारू आयोजन हेतु हीरेश्वरनाथ महादेव मंदिर के संचालक रविन्द्र जायसवाल का सराहनीय सहयोग रहा। उल्लेखनीय है कि छठ पूजा का समापन मंगलवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर किया जाएगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह