दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के दुम्हान गांव निवासी वन विभाग के संविदा कर्मी की गुरुवार देर शाम सर्पदंश से मौत हो गई। घटना ने परिवार व विभागीय साथियों को गहरे शोक में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार मौर्या (45) पुत्र स्वर्गीय महेश कुशवाहा निवासी दुम्हान कस्बा, रामनगर वन विभाग में संविदा कर्मी के पद पर दुद्धी वन रेंज में तैनात थे। बताया गया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे वर्षा के दौरान वह अपने साथी कर्मियों के साथ बरामदे में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच कमरे की ओर जाते समय उनके पैर के नीचे सर्प आ गया। अचानक सर्प पर पैर पड़ जाने से वह उछल पड़े, लेकिन तभी सर्प ने उन्हें दोनों पैरों में डंस लिया।
साथी कर्मियों ने तत्काल निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां इलाज शुरू किया था कि डॉ. वरुणा निधि ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन ने मेमो के जरिए पुलिस को दे दी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी सहित चार पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। सभी पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र अविवाहित है। गांव में वनकर्मी की असामयिक मौत पर शोक की लहर दौड़ गई है ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह