नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
उपायुक्त ने की कल्याण विभागीय योजनाओं की समीक्षा, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण और छात्रावास संचालन पर फोकस
हजारीबाग।कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से, गुरुवार (06 नवंबर 2025) को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त (DC) शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण और समयबद्ध निर्देश जारी किए।
मुख्य निर्देश एवं लक्ष्य: प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति: उपायुक्त ने प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति 2025-26 के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत छात्रों का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) और सत्यापन (Verification) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को यह कार्य INO के माध्यम से कराकर जिला कल्याण पदाधिकारी को अग्रसारित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता: मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत, अनुसूचित जनजाति (विशेषकर बिरहोर समुदाय) और अनुसूचित जाति के अधिक से अधिक पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
साइकिल वितरण: साइकिल वितरण योजना 2025-26 का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया।
योजनाओं की जांच: कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण योजनाएं जैसे सरना, मसना, हड़गड़ी की घेराबंदी, अल्पसंख्यक कब्रिस्तान घेराबंदी, और धूमकुड़िया/मांझी हाउस निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की समय-समय पर जांच करने का निर्देश सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को दिया गया।
छात्रावास संचालन: जिला कल्याण पदाधिकारी को जल्द से जल्द सभी असंचालित छात्रावासों का संचालन शुरू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
फील्ड विजिट: सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को लगातार फील्ड विजिट (क्षेत्र भ्रमण) करते हुए सभी कल्याणकारी योजनाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी मुरली यादव, विभाग के कर्मी, और सभी प्रखंडों के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी उपस्थित रहे।