दुद्धी सोनभद्र। जिला महिला फुटबॉल चैंपियनशिप सोनभद्र के दूसरे दिन दुद्धी के खेल मैदान पर खेले गए मुकाबले में एमडीसीएसए दुद्धी की टीम ने आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज, डाला को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। 60 मिनट के मुकाबले के पहले हाफ में ही एमडीसीएसए की कप्तान छाया सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवें, आठवें और सत्रहवें मिनट में लगातार तीन गोल दागे। इन शुरुआती गोलों के बाद डाला की टीम दबाव में आ गई और मैच में वापसी नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में डाला की टीम ने बेहतर रक्षात्मक खेल दिखाया और कोई अतिरिक्त गोल नहीं होने दिया, लेकिन शुरुआती बढ़त एमडीसीएसए को जीत के लिए काफी साबित हुई। मुख्य अतिथि रिंकी जायसवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में महिला खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन की निरंतरता बनाए रखने पर बल दिया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मंच पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, मनोज कुमार सिंह बबलू, संदीप तिवारी, कृष्ण कुमार अग्रहरि एडवोकेट, तथा संतोष कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवशंकर प्रसाद एडवोकेट ने किया। कल का मुकाबला पूल ‘बी’ के तहत आदर्श इंटर कॉलेज महुली और सोनांचल कॉलेज दुद्धी के बीच खेला जाएगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह