निचलौल सीएचसी परिसर में आशाओं का धरना पांचवें दिन भी जारी, वैक्सीन रूम में ताला लगाकर किया विरोध प्रदर्शन
निचलौल (महराजगंज), 08 नवंबर 2025
निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में आशा कार्यकर्ताओं का धरना आज पांचवें दिन भी जारी रहा। अपनी लंबित मांगों को लेकर आशाएं लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे से ही सभी आशा कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंच गईं और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
महराजगंज जिले के सभी ब्लॉकों की आशाओं ने आज सामूहिक रूप से वैक्सीन रूम में ताला बंद कर प्रदर्शन किया। आशाओं का कहना है कि उन्हें पिछले कई महीनों से भुगतान नहीं मिला है, जबकि वे 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तत्पर रहती हैं।
धरना दे रही आशाओं ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से शासन और प्रशासन को 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंप चुकी हैं, जिसमें बकाया भुगतान, निश्चित मानदेय, और राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रमुख मांगें हैं। बावजूद इसके, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
आशाओं ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में वे अहम भूमिका निभाती हैं, लेकिन उनके साथ लगातार उपेक्षा हो रही है। यदि जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी है।
स्थानीय प्रशासन की ओर से फिलहाल आशाओं को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन आशाएं अपने हक की लड़ाई जारी रखने के लिए दृढ़ हैं।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)