India TV Rajesh Maurya
दामाद के ब्रह्मभोज में पोते संग आ रही कुशीनगर की महिला की हादसे में मौत, पोता गंभीर. महाराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर-लक्ष्मीपुर देउरवा मार्ग पर शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धर्मपुर बड़े टोले के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मड़ार विन्दवलिया टोला बरईपट्टी की बुजुर्ग महिला गुलाइचा देवी अपने दामाद के ब्रह्मभोज में शामिल होने पनियरा के चंदन चाफी बरहवा वनटांगिया जा रही थी। बाइक महिला का पोता दिलीप चला रहा था और वह पीछे बैठी थी।
धर्मपुर की ओर से लक्ष्मीपुर देउरवा होते हुए वे चंदनचाफी जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलाइची देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप घायल हो गया। सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टपार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।