नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
डीएसओ ने आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री मुरली यादव ने समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में डीएसओ ने ई-केवाईसी, आरसीएमएस, सेल्फ सरेंडर, डोर-स्टेप डिलीवरी, जनवितरण प्रणाली विक्रेता व्यवस्था, चना-दाल, चीनी, नमक वितरण, गोदाम प्रबंधन, सोना सोबरन अंत्योदय योजना तथा सफेद एवं ग्रीन राशन कार्ड की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
डीएसओ मुरली यादव ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को गोदामों में रखे चावलों को सुरक्षित रखने, गोदामों के रखरखाव, सूचना पट्ट एवं दीवार लेखन में लाभुकों का नाम अंकित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मॉइश्चर मीटर के उपयोग, स्टॉकिंग प्रणाली सुधारने तथा आगत-निर्गत पंजी के संधारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पंजी, मशीन का डेटा और भौतिक स्टॉक तीनों का मिलान में एकरूपता रहनी चाहिए। केपीआई डेटा में लैंड होल्डिंग, इनकम टैक्स से संबंधित मासिक रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई।
डीएसओ ने बताया कि राशन कार्ड में रिक्ति भरने हेतु 1011 नए राशन कार्ड बनाए गए हैं, जिनका वितरण सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। साथ ही धोती–साड़ी का वितरण भी इसी कार्यक्रम में किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि छह माह से राशन नहीं उठाने वाले लाभुकों को चिन्हित किया जाए तथा डुप्लीकेट लाभुकों का सत्यापन अविलंब किया जाए।
सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने लॉगिन में लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर शून्य करने, पात्र लाभुकों के आवेदन स्वीकृत करने तथा अपात्र, मृत या सरेंडर किए गए राशन कार्डों के मामलों में जांचोपरांत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव, सभी मॉनिटरिंग अधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।