जनकपुरी पुलिस व एसओजी की बड़ी सफलता
ट्रांसपोर्ट नगर लूट का 48 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार
सहारनपुर । जनकपुरी थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में हुई लूट की वारदात को पुलिस ने मात्र 48 घंटे में सुलझाते हुए दो शातिर लुटेरों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जनकपुरी पुलिस व एसओजी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में माहिपुरा तिराहे से पुवारकां की ओर गए हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पीछा किया, जिस पर बदमाश भागने लगे। जंगल खुर्द ढमोला नदी के किनारे मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल होकर गिरफ्तार हो गए, जबकि एक बदमाश जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। फरार बदमाश की तलाश के लिए सघन कॉम्बिंग की जा रही है।
घायल बदमाशों की पहचान मैनपाल पुत्र लहन सिंह निवासी डोडा कल्याणपुर थाना गंगनहर रुड़की जनपद हरिद्वार व इरफान पुत्र कदीर निवासी समौली थाना दौराला जनपद मेरठ के रूप में की गई।
मौके से पुलिस ने 4 लाख 30 हजार रुपये नकद, 2 तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 3 खोखा कारतूस .315 बोर तथा एक मोटरसाइकिल सीडी डॉन बरामद की है। बरामद रुपये ट्रांसपोर्ट नगर में चोकर व्यापारी से हुई लूट से संबंधित पाए गए हैं, जिसके संबंध में थाना जनकपुरी पर मुकदमा संख्या 318/25 धारा 309(4) BNS पंजीकृत है।
घायल बदमाशों को पुलिस हिरासत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़