दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बघाडू निवासी अनुसूचित जनजाति की युवती रेनू कुमारी पुत्री मनोज कुमार सिंह गोंड ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी एवं परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पत्र में रेनू ने आरोप लगाया है कि 17 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 8 बजे वह घर से किराना दुकान पर सामान लेने जा रही थीं, तभी गांव के ही कुख्यात भूमाफिया सरगना बहादूर अली पुत्र अली मुहमद, नसीमुद्दीन उर्फ नजमुद्दीन पुत्र खजीमुद्दीन, अब्दुल सुमान पुत्र अली असगर, अजमत अली, वाजिद व असरफ पुत्रगण बहादूर अली समस्त निवासी बघाडू थाना दुद्धी, ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने रेनू को अपमानजनक शब्दों के साथ धमकाते हुए कहा कि हम लोग जेल से छूट चुके हैं। तुम और तुम्हारी मां चल रहे मुकदमों को तत्काल थाने व अदालत से वापस लो, वरना तुम्हें और पूरे परिवार को गुंडा लगाकर जान से मार देंगे और लाश को जंगल में फेंकवा देंगे। इस धमकी से भयभीत रेनू दुकान का सामान लिए बिना घर भाग आईं और घटना की जानकारी मां व रिश्तेदारों को दी।
रेनू ने पत्र में बताया कि आरोपी सरगना अपराधिक चरित्र के भूमाफिया हैं और कभी भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इससे उनका पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने एसपी से सुरक्षा की मांग की है।पीड़िता युवती ने अमवार कनहर सिंचाई परियोजना दौरे पर आए अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार को पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित शिकायती प्रार्थना पत्र सौंप कर न्याय की गुहार लगाई है। आयोग के उपाध्यक्ष ने युवती को भरोसा दिलाया कि शिकायत पर एसपी को सौंपकर जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उधर, पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)