इंडिया टीवी ब्यूरो चीफ राजेश मौर्य कुशीनगर
कसया नगर के रियल एस्टेट कारोबारी आलमगीर अंसारी के आवास और उनकी कंपनी रेड हिल्स इंफ्रा के कार्यालय पर करीब 77 घंटे की जांच-पड़ताल के बाद आयकर विभाग की टीम शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे लौट गई। इस दौरान टीम के हाथ क्या लगा और क्या जांच हुई इस बारे में कोई जानकारी टीम ने नहीं दी। हालांकि एक दिन पहले ही रेड हिल्स ने एक पत्र जारी कर आयकर की इस कार्रवाई को नियमित प्रिक्रता बताया था। साथ ही इस मामले में अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
उधर, आयकर की इस कार्रवाई को लेकर शहर के कारोबारियों खासकर रियल एस्टेट से जुड़े लोगों में कानाफूसी जारी है। आम लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर उत्सुकता है कि टीम ने आखिर छापा क्यों मारा और क्या-क्या उसके हाथ लगा।
मालूम हो कि आयकर विभाग की दो टीमों ने मंगलवार सुबह करीब पौने सात बजे आलमगीर अंसारी के मां कोटेश्वरी नगर स्थित आवास और उनकी कंपनी रेड हिल्स ग्रुप के कसया स्थित कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की थी। उसके बाद से टीम शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तक लगातार दोनों जगह दस्तावेजों की जांच पड़ताल करती रही। इतने दिनों तक किसी का भी अंदर से बाहर और बाहर से अंदर जाना मना था। कंपनी के कर्मचारियों को भी बुलाकर पूछताछ किए जाने और समूह के मैनेजर को आलमगीर के बिहार स्थित घर ले जाने की भी चर्चा रही पर किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की। शुक्रवार को जाते समय टीम कंपनी से जुड़े कुछ दस्तावेज ले जाने की भी चर्चा है।