कैलाश आर्य मिडिया रिपोर्टर
बैतूल। इन दिनों प्रधानमंत्री उत्कृष्ट महाविद्यालय जेएच कॉलेज द्वारा प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए ‘कॉलेज चलो अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल गंज की छात्राओं द्वारा ‘आओ कॉलेज जाने’ गतिविधि के अंतर्गत महाविद्यालय में भ्रमण किया। विद्यालय के प्राचार्य एलएल लिल्होरे के मार्गदर्शन एवं शिक्षक गण एसपी मोहबे, कृष्ण गोपाल बारमासे, अपर्णा बाथरी, श्रीना श्रीवास्तव एवं श्रेखा सूर्यवंशी के संरक्षण में विद्यालय की लगभग 90 छात्राओं के दल ने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। चर्चा सत्र में प्राचार्य डॉ.मीनाक्षी ने कॉलेज के इतिहास एवं गौरवपूर्ण उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 12000 विद्यार्थियों की प्रवेश क्षमता के साथ नैक द्वारा ए++ ग्रेड प्राप्त इस कॉलेज को प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त है। अभियान के संयोजक प्रो.राकेश कुमार पवार ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के समय बरती जाने महत्वपूर्ण सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं के दल को सलाह दी कि ऑनलाइन पंजीयन के पूर्व सभी आवश्यक जानकारी महाविद्यालय के हेल्प सेंटर से प्राप्त करने के पश्चात ही निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं के द्वारा ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण करना सुनिश्चित करें। प्रो.दुर्गेश राने द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत इंटर्नशिप, फील्ड वर्क, परियोजना कार्य, प्रायोगिक कार्य, सतत मूल्यांकन पद्धति तथा वोकेशनल विषयों के बारे में विस्तार से बताया। चर्चा सत्र के पश्चात छात्राओं के दल ने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। जिसमें विभिन्न महाविद्यालयीन सुविधाओं जैसे कन्या छात्रावास, ऑडिटोरियम, पुस्तकालय, आईटी सेल तथा कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो.मनेष मानेकर, डॉ.निहारिका भावसार, प्रो.संतोष पवार, कंचन गुजरे, कीर्ति वराठे, हितेश जैन, राज वाघमारे का सराहनीय योगदान रहा।