मनकरी गांव में आवारा कुत्ते का कहर, मासूम बच्ची की हालत नाजुक
बरेली। कस्बा फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव मनकरी में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवारा कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला बोल दिया। मंदिर में आयोजित खिचड़ी भोज कार्यक्रम से लौट रहे तीन बच्चों समेत पांच लोगों को कुत्ते ने बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। हमले में एक मासूम बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार मनकरी गांव में ग्रामीणों एवं प्रमुख समाजसेवियों द्वारा मंदिर परिसर में खिचड़ी भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक एक आवारा और पागल कुत्ता कहीं से आ धमका और उसने अंधाधुंध लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में चीख-पुकार मच गई।
कुत्ते के हमले में 5 वर्षीय लक्ष्मी, 8 वर्षीय प्रज्ञा, 3 वर्षीय अभी, 35 वर्षीय कपिल और 60 वर्षीय भोले गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे ज्यादा गंभीर चोटें 5 वर्षीय लक्ष्मी को आई हैं, जिसके चेहरे पर गहरे घाव बन गए हैं।
घायल बच्ची को परिजन पहले फतेहगंज पश्चिमी खिरका स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि मनकरी गांव में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है। आए दिन लोग डर के साये में जी रहे हैं। वहीं आवारा सांड किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि किसान रात में खेतों की रखवाली करने से भी डरते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों और जानवरों को पकड़वाकर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि गांव के लोग राहत की सांस ले सकें।
इस मामले में मीरगंज एसडीएम एवं सचिव हर्ष चौहान ने बताया कि मनकरी गांव में आवारा कुत्ते द्वारा कई लोगों को काटे जाने की सूचना मिली है। घायलों में कपिल, प्रज्ञा और भोले राम शामिल हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवारा जानवरों को पकड़वाने की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक मासूमों की जान आवारा जानवरों के भरोसे यूं ही खतरे में डाली जाती रहेगी।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली