एटा जिले के जलेसर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमो में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें मिट्टी खोदते समय अचानक ढेर (ढाय) गिर जाने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी के अनुसार, ग्राम जमो निवासी कुसमा देवी पत्नी राजेंद्र सिंह (उम्र 40 वर्ष) चिकनी मिट्टी के गड्ढे में मिट्टी निकालने गई थीं।
उनके साथ एक बेटी निशा और गांव के ही राजेश भी मौजूद थे। सुबह करीब 11:15 बजे अचानक मिट्टी की बड़ी ढेर ढह गई, जिसके नीचे तीनों दब गए।स्थानीय लोगों ने तुरंत सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।
कुसमा देवी को बाहर निकाला गया, लेकिन उन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। घायल निशा और राजेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु आगरा रेफर कर दिया गया है,
जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी सुश्री भावना विमल तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है। प्रशासन ने राहत कार्यों को तेज करने के साथ ही घटना के कारणों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसे हादसे ग्रामीण इलाकों में मिट्टी खोदने या गड्ढों में काम करते समय अक्सर देखे जाते हैं,
जहां ढीली मिट्टी के कारण अचानक ढेर गिरने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।प्रशासन से अपील की जा रही है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाए और सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
रिपोर्ट:विजय कुमार इंडियन टीवी न्यूज एटा