फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राधा कृष्ण मंदिर चौराहे पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक मजदूरी करने के लिए बरेली जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से बरेली के अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक और घायल युवक कोतवाली मीरगंज क्षेत्र के गांव गुला के निवासी बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार मृतक भगवान दास अपने गांव के ही ब्रज किशोर और अजयपाल के साथ बाइक से बरेली मजदूरी करने जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक फतेहगंज पश्चिमी स्थित राधा कृष्ण मंदिर कट पर पहुंची, तभी कस्बे की ओर मुड़ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गई।
हादसे में भगवान दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ब्रज किशोर और अजयपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। भगवान दास शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पत्नी संगीता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गूला ग्राम निवासी इंद्रपाल ने बताया अभी तक दोनों घायलों को होश नहीं आया है डॉक्टर ने कहा है दोनों घायलों के सिर में गंभीर चोट लगी है जिस कारण कल तक होश में आने की उम्मीद है
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली