वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।।
वाराणसी|सनातन धर्म की प्राचीन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा के संयोजन में पौराणिक तीर्थ त्रिवेणी संगम के पावन जल से श्री काशी विश्वनाथ महादेव का विधिवत अभिषेक के लिए धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई गई। यह आयोजन आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक समन्वय का प्रतीक रहा।
इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ धाम से विशेष रूप से सज्जित वाहन के माध्यम से संगम का निर्मल अमृत जल पवित्र जल-घड़ों में भरकर रुद्रावतार महाबली हनुमान मंदिर भेजा गया। वहां मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा भोग-प्रसाद अर्पित कर परंपरानुसार यह पावन जल श्री काशी विश्वनाथ महादेव को समर्पित किए जाने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान नायब तहसीलदार एवं मजिस्ट्रेट मिनी एल. शेखर, बड़े हनुमान मंदिर के वरिष्ठ पुजारी महंत पुनीत पुरी महाराज, पुजारी सूरज पांडे, मेला प्राधिकरण के मेला प्रबंधक ऋषि राज मिश्रा सहित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, वाराणसी शिविर के पदाधिकारी एवं प्रबंधन से जुड़े कई अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस परंपरा के निर्वहन को सनातन संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
उल्लेखनीय है कि यह धार्मिक परंपरा आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित की गई थी, जिसका उद्देश्य विभिन्न पवित्र तीर्थों के माध्यम से सनातन परंपरा को एक सूत्र में बांधना था। वर्तमान समय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी के प्रयासों से इस परंपरा को सांस्कृतिक नवाचार और समन्वय के साथ पुनः जीवंत किया जा रहा है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से भी श्री बड़े हनुमान मंदिर एवं श्री कुंभेश्वर महादेव को भोग-प्रसाद एवं उपहार प्रेषित किए जाने की परंपरा भी निभाई जाएगी, जिससे आपसी धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे।।