जयपुर से ब्रजेश पाठक की रिर्पोट
एमपीएस इंटरनेशनल के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के 20 एनसीसी कैडेट्स को ‘वन राज एयर स्क्वाड्र्न एनसीसी जयपुर’ के अंतर्गत आयोजित विशेष फ्लाइंग प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ। यह प्रशिक्षण कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर रॉबिन सेबेस्टियन, प्रशिक्षक सार्जेंट रोहित अरोड़ा व एयर एनसीसी यूनिट के अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
एएनओ मुनेश कँवर के नेतृत्व में खेल शिक्षक आशीष शर्मा के सहयोग से कैडेट्स को सिम्युलेटर हैंडलिंग, बेसिक फ्लाइंग तकनीक, कॉकपिट कंट्रोल तथा प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं तकनीकी दक्षता का विकास करना था।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान कैडेट्स ने अत्यंत उत्साह, आत्मविश्वास एवं समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल अर्जित किए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स का चयन कर उन्हें जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ‘माइक्रोलाइट फ्लाइंग’ का विशेष अनुभव प्रदान किया जाएगा जो उनके लिए एक अविस्मरणीय उपलब्धि होगी। विद्यालय सचिव राधामोहन कचोलिया, भवन मंत्री गोविंद मालपानी एवं प्राचार्या मंजू शर्मा ने इस उपलब्धि पर कैडेट्स को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए ऐसे सशक्त अवसर प्रदान करता रहेगा ।