राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन “शिकंजा” के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 270 लीटर देशी शराब और एक लग्जरी एर्टिगा कार जब्त की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों मामलों का खुलासा किया।
पहली कार्रवाई अल्फर्टगंज क्षेत्र में की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी सत्यम जायसवाल (29) के घर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसकी बाड़ी से 15 कार्टून देशी शराब, कुल 135 लीटर (कीमत करीब 80 हजार रुपये) बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं दूसरी कार्रवाई बैलट घाट क्षेत्र में की गई, जहां एक संदिग्ध एर्टिगा कार (MP 21 ZG 7198) से 135 लीटर देशी शराब बरामद हुई। पुलिस को देखकर कार चालक फरार हो गया, जबकि एक विधि उल्लंघनकारी बालक को मौके से पकड़ लिया गया। कार और शराब को जब्त कर लिया गया है तथा फरार आरोपी पवन पाठक की तलाश जारी है। पकड़े गए बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, चौकी प्रभारी किशोर द्विवेदी सहित कोतवाली पुलिस टीम के जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।