राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में मिलावटखोरी और गैस जमाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को तहसील बरही में प्रशासनिक टीम ने सघन जांच कार्रवाई की। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर तहसीलदार संतोष कुमार श्रीवास्तव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञ दत्त त्रिपाठी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. साहू की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान मेब्बू होटल, उमेश होटल, अग्रवाल होटल एवं गीतांजली इन होटल की जांच की गई। मेब्बू होटल में अनियमितताएं पाई गईं, जहां एक कॉमर्शियल और एक घरेलू एचपीसीएल गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्य में किया जा रहा था। मौके पर 13 उपभोक्ताओं के गैस कार्ड भी बरामद हुए।
होटल संचालक मेवा लाल बर्मन द्वारा कॉमर्शियल सिलेंडर से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने दोनों गैस सिलेंडर एवं उपभोक्ता कार्ड जब्त कर लिए। मामले को कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मेब्बू होटल से मगज लड्डू एवं बेसन के नमूने जांच हेतु लिए। वहीं बाजार क्षेत्र में बतासा निर्माता रामाश्रय जायसवाल से भी नमूना संग्रहित किया गया।
अन्य प्रतिष्ठानों में स्थिति सामान्य पाई गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी एवं अवैध गैस उपयोग के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।