फैशन डिजाइन विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण, गर्ग एक्रिलिक्स में लिया व्यावहारिक ज्ञान
मंडी गोबिंदगढ़/ अमलोह(अजय कुमार)
आरआईएमटी यूनिवर्सिटी के फैशन डिजाइन विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए गर्ग एक्रिलिक्स लिमिटेड का शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को परिधान निर्माण की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा सैद्धांतिक शिक्षा और औद्योगिक अनुभव के बीच की दूरी को कम करना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने परिधान निर्माण से जुड़े विभिन्न विभागों का विस्तार से अवलोकन किया। पैटर्न मेकिंग विभाग में ड्राफ्टिंग तकनीक, माप निर्धारण और सटीकता के महत्व को समझा, जबकि कटिंग सेक्शन में फैब्रिक स्प्रेडिंग, मार्कर प्लानिंग और आधुनिक मशीनों के उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
स्टिचिंग विभाग में विद्यार्थियों ने असेंबली लाइन उत्पादन प्रणाली, विभिन्न सिलाई प्रक्रियाओं और गुणवत्ता नियंत्रण उपायों को नजदीक से देखा। इसके साथ ही CAD विभाग में डिजिटल पैटर्न मेकिंग, ग्रेडिंग तथा उन्नत तकनीकों के प्रयोग से भी अवगत हुए। विद्यार्थियों को लॉकस्टिच, ओवरलॉक, फ्लैटलॉक और बटन मशीनों जैसी औद्योगिक मशीनों की कार्यप्रणाली भी समझाई गई।
इसके अलावा, स्क्रीन प्रिंटिंग और फैब्रिक डाइंग प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए विशेषज्ञों ने रंगों के उपयोग, तकनीकी पहलुओं तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला।
यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ, जिससे उनके ज्ञान में वृद्धि हुई और उन्हें वास्तविक औद्योगिक वातावरण से रूबरू होने का अवसर मिला।