राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सागौन तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी से भरी पिकअप वाहन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 10 लाख 45 हजार रुपये मूल्य की सागौन लकड़ी बरामद की गई है, जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में चोरी, नकबजनी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
कैसे हुई कार्रवाई
8 अप्रैल 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन में अवैध सागौन लकड़ी भरकर तस्कर पाली से पिपरिया की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झारापानी रोड पर घेराबंदी की। संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पीछा कर वाहन को ग्राम पिपरिया में एक घर के अंदर खड़ा पाया। अंधेरे का फायदा उठाकर कई तस्कर मौके से भाग निकले।
बरामदगी
तलाशी के दौरान पिकअप (बोलोरो मैक्स) से 10 नग सागौन की सिल्लियां (लगभग 0.434 घनमीटर) बरामद की गईं। जब्त वाहन और लकड़ी की कुल कीमत लगभग ₹10,45,000 आंकी गई है।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
मौके से संजय उर्फ संजू ठाकुर, निवासी पिपरिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि 5 अन्य आरोपी फरार हो गए। पूछताछ के बाद आरोपी को वन विभाग के हवाले कर दिया गया है। रेंज ऑफिस रामपुर में वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस और वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।
टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एएसआई विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक सुब्च्चन यादव, आरक्षक पंकज सिंह, देवेंद्र अहिरवार, अजय सिंह सहित वन विभाग के डिप्टी रेंजर रामकुमेश मिश्रा और वनरक्षक दिनेश, अंकित, रामफल, मुकेश और अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।