रिपोर्टर संतन दास मनिकपुरी
महासमुंद|जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन को सुरक्षित और जागरूक बनाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह अभियान अब शहरों से निकलकर गांव-गांव तक पहुंच चुका है, जहां पुलिस सीधे लोगों से संवाद कर उन्हें आधुनिक अपराधों और सामाजिक चुनौतियों के प्रति सतर्क कर रही है।
पुलिस टीम हाट-बाजार, स्कूल-कॉलेज, बस स्टैंड, बैंक परिसर, चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में जाकर लोगों से जुड़ रही है। हाल ही में भंवरपुर, बीकेबाहरा, टेका और घोघरा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित साप्ताहिक बाजारों में पुलिस ने सैकड़ों ग्रामीणों को एकत्रित कर उन्हें साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे पर विशेष फोकस किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि आजकल फर्जी ट्रेडिंग ऐप, डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल और साइबर स्टॉकिंग जैसे अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। इनसे बचने के लिए अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध कॉल/वीडियो कॉल से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी जोर दिया गया। लोगों को सलाह दी गई कि वे अपनी निजी और संवेदनशील जानकारी साझा न करें, मजबूत पासवर्ड रखें, टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन करें और किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जांच करें।
पुलिस ने स्पष्ट रूप से बताया कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी थाना/सायबर सेल में संपर्क करें। इसके अलावा “डिजिटल अरेस्ट” या फर्जी अधिकारी बनकर पैसे मांगने वाले कॉल से घबराने की बजाय सतर्क रहने की सलाह दी गई।
अभियान में महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने की अपील की गई। साथ ही यातायात नियमों के पालन और आपातकालीन सेवा डायल-112 के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
महासमुंद पुलिस द्वारा संचालित “संवाद” व्हाट्सएप हेल्प डेस्क नंबर 9479229939 को भी प्रचारित किया गया, जहां आम नागरिक अपनी शिकायत या गुप्त सूचना आसानी से साझा कर सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस जन-जागरूकता अभियान में करीब 400 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लेकर इसका लाभ उठाया। “नवा बिहान” पहल को जिले में अपराध रोकथाम और सामाजिक सुधार की दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
संदेश साफ है – आज के युग में आए दिन कही न कही किन्हीं कारणों से मारपीट,हत्या,अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की घटना दुर्घटना बढ़ गई है जिसके चलते आज आम नागरिक सुरक्षित नहीं है इसीलिए इस जागरूक अभियान में नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं — सावधान रहे ,सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।”