राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। प्रधानमंत्री Narendra Modi के राष्ट्र के नाम संबोधन को बुधवार रात कटनी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान सांसद V. D. Sharma सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में बराबर भागीदारी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
संबोधन के बाद सांसद वीडी शर्मा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को “सुधार विरोधी पार्टी” बताया है, जो देशहित के बड़े फैसलों में लगातार बाधा बनती रही है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आधार, डिजिटल भुगतान, महिला सशक्तिकरण, ईडब्ल्यूएस आरक्षण और ट्रिपल तलाक जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ने समर्थन के बजाय विरोध किया।
सांसद शर्मा ने आगे कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन, सीएए और यूसीसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विपक्ष का रवैया नकारात्मक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति “लटकाने, अटकाने और भ्रम फैलाने” पर आधारित रही है।
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि सुनियोजित तरीके से इस बिल को पास नहीं होने देने का प्रयास किया गया, जो महिलाओं के अधिकारों के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश की मातृ शक्ति इसका जवाब समय आने पर जरूर देगी।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, आशुतोष शुक्ला सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।