राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी | जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के बांदा की एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा हाल ही में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला गिरजाघाट के पास नीले बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर संदिग्ध महिला भागने की कोशिश करने लगी, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम किरन देवी बर्मन (46 वर्ष) निवासी ग्राम पछौहा, थाना कमासी, जिला बांदा (उ.प्र.) बताया।
महिला के बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 3.756 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली टीम के अधिकारी-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।