दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत के रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर सोमवार रात असनहर गांव में बारात में शामिल 14 वर्षीय किशोर बस की चपेट में आ गया। मध्य रात्रि डीजे की धुन पर नाचते समय छत्तीसगढ़ जा रही बस ने पटरी पर खड़े किशोर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर व पैरों में गंभीर चोटें आईं।बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना गांव निवासी रंजीत कुमार उर्फ बच्चू पुत्र बाबूलाल अचेत अवस्था में बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि चेतवा गांव से आई बारात तिलक के लिए घर पहुंची थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया है। पुलिस ने मेमो के आधार पर पंचनामा कराया।वहीं दूसरी घटना मंगलवार सुबह कोगा गांव के पास एक बाइक सवार रिश्तेदारी की शादी से लौटते समय पुलिया पर गिर गया। मचबन्धवां निवासी कृष्णा पुत्र देवसरन (15) बाइक अनियंत्रित होने से गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस से उसे बभनी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।