सहारनपुर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 54 नूर बस्ती और वार्ड 38 माधव नगर में सीवर लाइन चोक होने से हालात बेहद खराब हो गए हैं।सड़कों पर गंदा पानी भर जाने से आमजन का चलना-फिरना दूभर हो गया है, वहीं लोगों के घरों के सामने जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है, जिससे बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में पार्षद गुलशन कलीम ने बताया कि समस्या से नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पार्षद ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल सीवर लाइन की सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़