राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में असमय काल-कवलित हुए नागरिकों की स्मृति में जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा सुभाष चौक पर श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं शहरवासी एकत्रित हुए और मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पूरा सुभाष चौक शोक और संवेदना के माहौल में डूबा नजर आया।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर इसे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया। उनका कहना था कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट की पर्याप्त व्यवस्था और उनका अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए था। साथ ही प्रतिकूल मौसम और तेज हवाओं के बीच क्रूज संचालन पर रोक लगाई जानी चाहिए थी।
उन्होंने मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
इस अवसर पर प्रियदर्शन गौर, करन सिंह चौहान, रजनी वर्मा, राजा जगवानी, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, अजय जैसवानी, आफताब अहमद (चोखे भाईजान), उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, महामंत्री संजय गुप्ता, नारायण निषाद, ललित सोनी, विजय मंगल चौधरी, रूपा तिवारी, दीपक केशरवानी, जितेन्द्र बड़गैया, इकलाक अहमद सहित अन्य कांग्रेसजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।