राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जबलपुर संभाग के अंतर्गत कटनी जिले के डाकघरों में स्थित आधार केंद्रों पर 8 और 9 मई को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को नवीन आधार पंजीयन, आधार डेटा सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर और ईमेल लिंक कराने की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
अभियान को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभाग ने टोकन व्यवस्था लागू की है। आधार पंजीयन और सुधार कार्य कराने के इच्छुक नागरिकों को 6 एवं 7 मई को संबंधित डाकघरों से टोकन प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना टोकन के सेवा प्राप्त नहीं हो सकेगी।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधार केंद्रों के कार्य समय में भी विस्तार किया गया है। प्रधान डाकघर में यह सुविधा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी, जबकि उपडाकघर और अन्य केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कार्य किया जाएगा।
जबलपुर संभाग में कुल 2 प्रधान डाकघर और 36 उपडाकघरों में यह विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए नागरिक दूरभाष नंबर 0761-2678121 पर संपर्क कर सकते हैं।
कटनी जिले में जिन प्रमुख डाकघरों में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी, उनमें कटनी प्रधान डाकघर, माधवनगर, कटनी सीमेंट फैक्ट्री, बरही, बाकल, कैमोर, निवार, रीठी, सरोली मझगवां, सिहोरा एमडीजी, स्लीमनाबाद, उमरियापान और विजयराघवगढ़ शामिल हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने आधार विवरण को समय रहते अपडेट कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।