शहजाद आलम जिला संवाददाता/सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर।
जिले के प्रमुख कस्बों और बाजारों में इन दिनों जाम की समस्या आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। डुमरियागंज, बांसी, इटवा, शोहरतगढ़, नौगढ़ समेत कई प्रमुख स्थानों पर आए दिन घंटों लंबा जाम लग रहा है, जिससे राहगीरों, व्यापारियों, मरीजों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह और शाम के समय स्थिति सबसे अधिक खराब हो जाती है। मुख्य चौराहों और बाजारों में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और यातायात व्यवस्था की लापरवाही के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।
डुमरियागंज के मंदिर चौराहे, बांसी बाजार, इटवा चौराहा, शोहरतगढ़ कस्बा और नौगढ़ तहसील क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही जाम का मुख्य कारण बन रही है। कई स्थानों पर सड़कें संकरी होने के बावजूद बड़े वाहनों का प्रवेश जारी रहता है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।
राहगीरों का कहना है कि जाम में फंसने से उनका समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। व्यापारियों का भी कहना है कि जाम के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को रोजाना देर होने की समस्या झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख बाजारों में यातायात पुलिस की नियमित तैनाती की जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस मामले में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि जिले में जाम की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुधारने, अतिक्रमण हटाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को जल्द राहत दिलाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है।