दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
जनपद के कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवाडीह में रविवार को सोननदी ने दो प्रतिभाशाली किशोरों की जिंदगी छीन ली। ट्यूशन छोड़कर नहाने गए दोनों इंटरमीडिएट छात्र पानी में डूब गए, जिससे गांव में मातम पसर गया और परिजन बेसुध हो गए।
प्रभावित छात्र विमलेश पासवान (19) पुत्र अशोक पासवान और अवनीश कन्नौजिया (18) पुत्र सिकंदर कन्नौजिया दोनों बरवाडीह गांव के ही निवासी बताए जाते हैं। दोनों अपने मित्र धीरज निवासी रामगढ़ के साथ स्कूटी पर कोन से ट्यूशन करके लौट रहे थे। ट्यूशन समाप्त होने के बाद दोस्ती की मस्ती में तीनों सोननदी किनारे पहुंचे, जहाँ विमलेश और अवनीश नहाने के लिए पानी में उतर गए जबकि धीरज किनारे पर ही था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन अचानक दोनों छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर धीरज ने मदद के लिए आवाज लगाई। पास ही खेलने वाले और आस-पास के ग्रामीण तुरंत नदी में कूद पड़े और काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। पर तब तक दोनों का दम टूट चुका था। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल गमगीन हो उठा।
घटना की जानकारी मिलते ही कोन थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिए हैं। पुलिस ने बताया कि फिलहाल प्राइमरी जांच में मामला डूबने का पाया गया है और विस्तृत जांच जारी है।उधर दोनों छात्रों की असमय मौत से बरवाडीह गांव में मातमी सन्नाटा व्याप्त है। परिजनों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।