राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा अभिषेक चौबे के मार्गदर्शन में चौकी सिलौड़ी पुलिस ने अवैध रूप से पेट्रोल परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को चौकी सिलौड़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गोपालपुर तिराहा के पास एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन में अवैध रूप से पेट्रोल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोककर जांच की।
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें 7 कैनों में भरा करीब 350 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया। प्रत्येक कैन में लगभग 50 लीटर पेट्रोल भरा हुआ था, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से बोलेरो चालक मनोज साहू पिता नन्हेलाल साहू उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम बम्हनी थाना उमरिया पान जिला कटनी एवं उसके साथी रामकेश पिता भारतलाल निवासी ग्राम बम्हनी थाना उमरिया पान जिला कटनी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पेट्रोल परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस द्वारा ज्वलनशील पदार्थ का लापरवाहीपूर्वक परिवहन किए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं धारा 287 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पेट्रोल एवं बोलेरो वाहन को जब्त किया गया है। जब्त वाहन को सुरक्षार्थ चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा एवं आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही।