मथुरा
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र की सूर्यलोक कॉलोनी में गुरुवार रात करीब 7 बजे पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया।
मूल रूप से झांसी का रहने वाला मिथुन उम्र (27) और मध्य प्रदेश के दतिया की रहने वाली पुख्खन उम्र (23) ने 5 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट में भी लंबित था। मृतका पिछले एक हफ्ते से मथुरा में एक स्पा सेंटर में काम करने वाली लड़की रागिनी के साथ किराए के मकान में रह रही थी। इससे पहले वह गोंडा में कार्यरत थी।
गुरुवार शाम मिथुन अपनी पत्नी को ढूंढते हुए मथुरा पहुंचा। दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक तीखी बहस हुई। सहेली रागिनी के समझाने के बावजूद मिथुन ने तमंचे से पुख्खन को गोली मार दी और फिर खुद के सिर में गोली मारकर जान दे दी।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी राजीव कुमार और थाना हाईवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर दोनों के शव सीढ़ियों के पास पड़े मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों को सूचित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुकेश अग्रवाल की रिपोर्ट जिला मथुरा