राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “आईटीआई चलो अभियान” के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने युवाओं से समय रहते आईटीआई में प्रवेश लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सातों शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए 30 जून तक पंजीयन की प्रक्रिया जारी है।
कलेक्टर ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से अथवा अपने निकटतम आईटीआई पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। राज्य शासन का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को कौशल आधारित एवं तकनीकी शिक्षा प्रदान कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
आईटीआई में विभिन्न रोजगारोन्मुखी ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा उद्योगों, सेवा क्षेत्र तथा निजी प्रतिष्ठानों में रोजगार के अवसर हासिल कर सकते हैं। साथ ही स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी कदम बढ़ा सकते हैं।
प्रशासन ने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अंतिम तिथि 30 जून से पहले अपना पंजीयन सुनिश्चित करें। यह अभियान युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।