कोरबा।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में स्थित एक पटाखा गोदाम में गुरुवार को भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने गोदाम के आसपास का इलाका खाली करा दिया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है,
हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का पटाखा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।