बरेली
उत्तर प्रदेश के बरेली में कर्ज के दलदल और सूदखोर की लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर एक अस्पताल के वार्ड बॉय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे मुख्य आरोपी सूदखोर को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस जांच और मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक प्रदीप ने आरोपी सूदखोर सुधीर से कुछ पैसे उधार लिए थे। प्रदीप इस कर्ज को लगातार चुका रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी सुधीर अब तक प्रदीप से 30 लाख रुपये वसूल चुका था, लेकिन उसकी पैसों की भूख खत्म नहीं हुई। वह लगातार प्रदीप पर और पैसों के लिए दबाव बना रहा था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।सुदखोर सुधीर की रोज-रोज की धमकियों और भारी-भरकम ब्याज की वसूली से प्रदीप पूरी तरह टूट चुका था। कोई और रास्ता न सूझने पर प्रदीप ने आखिरकार फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। प्रदीप की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया, जिसके बाद परिजनों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।प्रदीप की आत्महत्या की खबर मिलते ही आरोपी सूदखोर सुधीर डर के मारे फरार हो गया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।कोतवाली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फरार सुधीर को घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment of Suicide) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्योरो चीफ बरेली मन्डल