किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
भिलाई।
छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर पालिक निगम ने सोमवार को अयप्पा नगर स्थित आनंद विहार और उल्लास नगर क्षेत्र में करीब सवा एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाते हुए अवैध मदरसा, अस्थायी मकानों और अन्य निर्माणों को बुलडोजर की मदद से हटाया।
अधिकारियों के अनुसार यह भूमि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित थी, जहां गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए आवास बनाए जाने थे। बताया गया कि करीब 12 वर्ष पहले इस जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया गया था।
कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। लगभग 100 पुलिसकर्मियों के साथ आठ थाना प्रभारी, दो राजपत्रित अधिकारी, एसडीएम और कार्यपालिक दंडाधिकारी मौके पर तैनात रहे।
एहतियात के तौर पर करीब एक किलोमीटर के दायरे में लोगों और वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दी गई थी।
करीब तीन घंटे तक चले अभियान के दौरान प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के बाद खाली कराई गई भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए मकानों का निर्माण किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुरूप की गई है और भविष्य में भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।