बगीचा। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए थाना बगीचा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना परिसर से शुरू हुए इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों को सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना था।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाइक चालकों से बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने, ड्राइविंग के समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की अपील की। साथ ही शराब सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने और रात्रि के समय हाई बीम के अनावश्यक उपयोग से बचते हुए डिपर का प्रयोग करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपायों का पालन कर कई दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ दूसरों को भी यातायात नियमों के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बालकिशुन यादव, अमृत यादव, लालू प्रसाद यादव, योगेश यादव, शशिशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान थाना बगीचा पुलिस ने सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए सुरक्षित यातायात का संकल्प कराया।
पुलिस ने कहा कि “सुरक्षा कोई विकल्प नहीं, बल्कि जीवन बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” इसी संदेश के साथ जागरूकता अभियान का समापन किया गया।