बरेली। बरेली सेंट्रल जेल से फरार हुए उम्रकैदी को पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
22 जून को जेल से हुआ था फरार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरजीत उर्फ निसार (23 वर्ष) निवासी थाना नवाबगंज क्षेत्र के रूप में हुई है। वर्ष 2020 में वह चोरी और पशु चोरी के मामलों में जेल गया था। बाद में 9 मार्च 2026 को गैंगस्टर एक्ट के मामले में उसे पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई थी।
बताया गया कि 19 अप्रैल 2026 को उसे बिजनौर जेल से बरेली सेंट्रल जेल भेजा गया था। 22 जून को कृषि कार्य के दौरान उसने पानी पीने का बहाना बनाकर सुरक्षा कर्मियों को चकमा दिया और खेतों के रास्ते जेल से फरार हो गया था।
25 हजार का था इनाम
फरारी के बाद जेल प्रशासन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमें गठित की गई थीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
सूचना पर हुई घेराबंदी, पुलिस पर चलाई गोली
गुरुवार रात इज्जतनगर थाना पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।
पूछताछ में कबूला फरारी का कारण
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल से फरार होने के बाद वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर इधर-उधर रह रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह बार-बार ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
कई धाराओं में दर्ज हुआ नया मुकदमा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है। पहले से वह चोरी और पशु चोरी के मामलों में सजा काट रहा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का मेडिकल कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। फरार कैदी की गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली