✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मध्यप्रदेश शासन के “स्कूल चलें हम” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को शासकीय ई.पी.ई.एस. खिरहनी विद्यालय में प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने कक्षा 6वीं, 7वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताया।
निगमायुक्त ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। लक्ष्य तय होने के बाद निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने तथा अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद, स्वच्छता और सकारात्मक सोच भी विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका निगमायुक्त ने सरल और प्रेरक अंदाज में उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य शिव कुमार सोलंकी, शिक्षक सरमन तिवारी, निधि अग्रहरी, प्रतिभा परौहा, रेवा नेगी, मनोरमा त्रिपाठी, रेखा शुक्ला सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।