राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी जिले में शादी की खुशियां उस वक्त हादसे में बदल गईं, जब विदाई के बाद घर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नवविवाहित जोड़े सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के बेनीबारी गांव से विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन अपने परिजनों के साथ दमोह जिले के हटा क्षेत्र स्थित ग्राम हरदीटोला लौट रहे थे। कटनी के जुहला बाईपास के पास बोलेरो सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में दूल्हा रामा बंजारा (23 वर्ष), दुल्हन लीला बंजारा (25 वर्ष), काढा बंजारा, चन्नू बंजारा सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण सड़क हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन शादी की खुशियों के बीच हुआ यह हादसा दोनों परिवारों के लिए गहरी चिंता का कारण बन गया।