शहजाद आलम जिला संवाददाता ITN
सिद्धार्थनगर। जिले के डिडई थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शिवनगर स्थित डिडई थाने के सामने उस समय हुआ, जब दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिना निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद आरिफ पुत्र अतिकुर्रहमान और 16 वर्षीय जीशान पुत्र अब्दुल करीम एक ही बाइक से बस्ती जनपद के गौर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम धोबहा में अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर निवासी अनुराग पुत्र रामविलास वर्मा चला रहे थे, जो पथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरकौलिया किसी कार्य से जा रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची डिडई थाना पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मोहम्मद आरिफ और जीशान को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनुराग की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के विलाप से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।