कटनी विजयराघवगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे द्वारा थाना परिसर में आदतन अपराधियों की चेकिंग एवं सत्यापन कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के करीब तीन दर्जन आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं गुंडा तत्वों को थाना बुलाकर उनकी गतिविधियों एवं दिनचर्या की जानकारी ली गई। साथ ही सभी के डोजियर फॉर्म भरकर आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित अपराधियों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहें। पुलिस द्वारा उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है तथा बाउंड ओवर की कार्यवाही भी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाउंड ओवर अवधि के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा जेल भेजने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट