छिंदवाड़ा : जिले के खमारपानी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम काकीबाड़ा में बुधवार को बाघ के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काकीबाड़ा निवासी 70 वर्षीय भगलाल पिता सुखलाल धुर्वे प्रतिदिन की तरह बुधवार को अपनी गाय चराने जंगल गए थे। इसी दौरान जंगल में घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में भगलाल धुर्वे को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद जंगल में उनका शव मिला।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा बाघ की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
इस घटना के बाद काकीबाड़ा और आसपास के गांवों के लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल से लगे क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाने, बाघ की निगरानी करने और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। वन विभाग ने भी ग्रामीणों से अकेले जंगल में न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
पंकज दुबे
जिला ब्यूरो
छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश