दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)कोतवाली क्षेत्र के दुम्हान गांव निवासी मुन्नीलाल (60) पुत्र स्व. दुखीराम, आज मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे खेत के पाही पर कुएं में लगे मोटर पंप की मरम्मत के लिए जा रहे थे। रास्ते में कुएं से लगभग 40 मीटर पहले बिजली का लंबा तार टूटकर गिरा हुआ था। अचानक टूटे तार के संपर्क में आने से मुन्नीलाल करंट के चपेट में आ गए।
घटना के समय मुन्नीलाल के साथ उनके छोटे पुत्र संजीव कुमार भी थे। संजीव ने बताया कि वे दोनों मोटर की मरम्मत के लिए जा रहे थे तभी पिता टूट कर जमीन पर गिरे हुए तार के साथ छू गए और करंट लग गया। पिता को करंट में देख संजीव ने तार को अपने हाथों से हटाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट के झटके से प्रभावित हो गया। सौभाग्य से करंट के जोरदार झटके से संजीव वहीं जमीन पर फेंका गया और सुरक्षित बताए गए ।
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से संजीव ने कुल्हाड़ी के डंडे लाकर करंट से पिता को अलग किया। आनन-फानन में परिजनों ने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शाह आलम की देखरेख में मुन्नीलाल का उपचार जारी है। चिकित्सकों ने मरीज की स्थिति स्थिर बताई है।
संजीव ने कहा कि वह बिजली का तार कई दिनों से ऊपर से टूटा पड़ा हुआ था और जमीन पर गिरा हुआ था ,कल सोमवार को भी उन्होंने इसे जोड़वाने के लिए पट्टीदारों से कहा था, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई।कहां की अगर तार समय रहते जुड़वा दिया जाता तो यह गंभीर हादसा नहीं होता। संजीव ने कहा कि अगर वे मौके पर नहीं होते और सूझबूझ नहीं दिखाते तो आज बड़ा हादसा हो जाता जिसमें जान का खतरा बन सकता था।
संजीव ने बताया कि पिता की हालत स्थिर होने के बाद वह पुलिस की मदद लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगे। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।